इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कहा है कि POCSO Act के तहत यौन अपराध से पीड़ित नाबालिग को केवल इसलिए मुआवजा देने से इनकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि मेडिकल रिपोर्ट में शारीरिक चोट के निशान दर्ज नहीं हैं. अदालत ने उत्तर प्रदेश की रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष योजना के तहत नाबालिग को 3 लाख रुपये देने का निर्देश दिया है.

यह आदेश न्यायमूर्ति शेखर बी. सराफ और न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार राय की खंडपीठ ने दिया. अदालत ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आदेश की प्रमाणित प्रति जमा होने के 10 दिन के भीतर पूरी राशि का भुगतान किया जाए.

मामला लखनऊ के सरोजिनी नगर थाने में 7 दिसंबर 2022 को दर्ज FIR से जुड़ा है. मामले में 13 जनवरी 2023 को चार्जशीट दाखिल की गई थी. जिला संचालन समिति ने मेडिकल रिपोर्ट में penetrative sexual assault का समर्थन करने वाले चोट के साक्ष्य नहीं होने का हवाला देते हुए मुआवजा रोक दिया था. राज्य की ओर से भी इसी आधार पर फैसले का बचाव किया गया.

हाई कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया. अदालत ने कहा कि POCSO Act की धारा 3 के तहत penetrative sexual assault स्थापित करने के लिए शारीरिक चोट का होना अनिवार्य नहीं है. मेडिकल रिपोर्ट में चोट के निशान न मिलना अपने-आप में यौन अपराध के आरोप को खारिज नहीं करता.

अदालत ने कहा कि जब FIR और चार्जशीट POCSO Act की धारा 4 के तहत अपराध की ओर संकेत करती हैं, तब केवल चोट दर्ज न होने के आधार पर मुआवजा नहीं रोका जा सकता. कोर्ट ने योजना को पीड़ितों के आघात और कठिनाई को कम करने वाली कल्याणकारी व्यवस्था बताया और इसके प्रावधानों की उदार व्याख्या पर जोर दिया.

योजना के तहत कुल 3 लाख रुपये का प्रावधान है. इसमें FIR दर्ज होने के 15 दिन के भीतर 1 लाख रुपये और चार्जशीट दाखिल होने के एक महीने के भीतर शेष 2 लाख रुपये दिए जाने हैं.