प्रयागराज में कांग्रेस के सामाजिक न्याय और भागीदारी सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अब सरकार मतदाता चुन रही है, लेकिन ऐसी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए जिसमें सरकार ही तय करे कि कौन मतदाता होगा.

अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल सेवा संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में बघेल ने जाति जनगणना की जरूरत पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि इससे समाज के सभी वर्गों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति की वास्तविक जानकारी सामने आएगी.

बघेल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से सामाजिक न्याय के मुद्दे को नए तरीके से उठाए जाने का उल्लेख किया. उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली का जिक्र करते हुए कहा कि वोट सुरक्षित नहीं रहेगा तो लोकतंत्र भी सुरक्षित नहीं रहेगा.

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जा रहे हैं. प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कांग्रेस ने सभी लोगों को मतदान का अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया है और अब इस अधिकार की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है.

पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार दलितों, शोषितों, वंचितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को नुकसान पहुंचा रही है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता चुनाव में इसका जवाब देगी.

कार्यक्रम से पहले कांग्रेस नेताओं ने स्वराज भवन स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद बिजली घर चौराहा स्थित शंकरलाल मेमोरियल हॉल में प्रयाग जोन की संगठनात्मक समीक्षा बैठक हुई. बैठक और सम्मेलन में कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, महानगर अध्यक्ष फुजैल हाशमी, मनोज यादव, पूर्व विधायक विजय प्रकाश समेत कई नेता मौजूद रहे.