प्रयागराज के थरवई थाना क्षेत्र के मंसैता गांव से लापता ग्राम प्रधान को पुलिस ने वृंदावन में संत प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम के पास से सकुशल बरामद कर लिया. परिजनों ने उनके अपहरण या किसी अनहोनी की आशंका जताई थी. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में ग्राम प्रधान ने पारिवारिक कहासुनी और मानसिक तनाव के कारण खुद घर छोड़कर जाने की बात कही है.
ग्राम प्रधान 29 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे मोबाइल पर बात करते हुए घर से निकले थे. इसके बाद वह वापस नहीं लौटे और कुछ समय बाद उनका मोबाइल भी बंद हो गया. परिवार की तलाश के बावजूद जानकारी नहीं मिलने पर उनके भाई ने 30 अक्टूबर को थरवई थाने में तहरीर दी. इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
तलाश के दौरान पुलिस ने कई टीमें गठित कीं. मंसैता नहर में एसडीआरएफ की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया. इसके अलावा ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वाड से आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की गई.
पुलिस के मुताबिक, इस दौरान ग्राम प्रधान ने नया सिम कार्ड लेकर अपने चाचा को फोन किया. सर्विलांस के जरिए उनकी लोकेशन मथुरा के वृंदावन में मिली. इसके बाद पुलिस टीम वृंदावन पहुंची और उन्हें आश्रम के पास से बरामद कर प्रयागराज ले आई.
पूछताछ में उन्होंने बताया कि घर से निकलने के बाद वह पहले फाफामऊ पहुंचे. वहां से गोमती एक्सप्रेस से लखनऊ और फिर आगरा होते हुए झेलम एक्सप्रेस से वृंदावन गए. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में अपहरण या किसी अन्य आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है. कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ग्राम प्रधान को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
