प्रयागराज. उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और सुविधाजनक आवागमन को देखते हुए प्रयागराज तथा सूबेदारगंज से बेंगलुरु के लिए दो साप्ताहिक विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. इन सेवाओं से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के बीच रेल संपर्क को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी.

प्रयागराज से दो फेरे

गाड़ी संख्या 04151 प्रयागराज से श्री एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल, बेंगलुरु के लिए 16 और 23 दिसंबर 2026 को प्रत्येक बुधवार शाम छह बजे रवाना होगी. वापसी में गाड़ी संख्या 04152 बेंगलुरु से 19 और 26 दिसंबर को शनिवार सुबह सात बजे चलेगी और सोमवार सुबह प्रयागराज पहुंचेगी.

यह ट्रेन शंकरगढ़, मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, नागपुर, सिकंदराबाद, रायचूर, गुंटकल और येलहंका समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी.

सूबेदारगंज से तीन फेरे

गाड़ी संख्या 04171 सूबेदारगंज से 11, 18 और 25 दिसंबर को शुक्रवार रात 9:20 बजे रवाना होगी. वापसी सेवा 04172 बेंगलुरु से 14, 21 और 28 दिसंबर को सोमवार सुबह चलेगी. इस ट्रेन का मार्ग सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, सिकंदराबाद और येलहंका से होकर रहेगा. यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे की अद्यतन समय-सारिणी और उपलब्धता जांचने की सलाह दी गई है.