उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और राज्यसभा प्रत्याशी धनराज परिमल नथवानी के साथ सामने आई तस्वीर को लेकर उठी राजनीतिक अटकलों पर सफाई दी है. सचान ने कहा कि उनकी यह मुलाकात सामान्य शिष्टाचार के तहत हुई थी और इसका कोई राजनीतिक अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए.

मंत्री के आधिकारिक बयान के मुताबिक, वह विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलने उनके कक्ष में गए थे. उसी दौरान वहां अखिलेश यादव, धनराज परिमल नथवानी और अन्य नेता मौजूद थे. सामने आई तस्वीर में सचान, महाना, अखिलेश यादव और नथवानी एक साथ दिखाई दे रहे हैं.

तस्वीर सार्वजनिक होने के बाद सोशल मीडिया पर मुलाकात को लेकर अलग-अलग दावे किए जाने लगे. इसके बाद सचान ने स्पष्ट किया कि यह कोई पूर्व निर्धारित राजनीतिक बैठक नहीं थी, बल्कि विधानसभा अध्यक्ष के कक्ष में हुई सामान्य मुलाकात थी.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चर्चाएं बढ़ने के बाद सचान ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से भी मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. सचान ने दोहराया कि तस्वीर में दिख रही मौजूदगी को राजनीतिक संकेत के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए.