प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत अटैच किया है. एजेंसी के मुताबिक, अटैच संपत्तियों की कीमत 426.46 करोड़ रुपए है, जबकि अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1,170 करोड़ रुपए है. यह कार्रवाई बुधवार को की गई.

ED के अनुसार, यूनिवर्सिटी का संचालन मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट करता है. ट्रस्ट की स्थापना समाजवादी पार्टी नेता आजम खान ने की थी और वे इसके प्रमुख ट्रस्टी हैं. यूनिवर्सिटी का परिसर रामपुर के जौहर नगर और सींगनखेड़ा क्षेत्र में स्थित है.

ED ने क्या आरोप लगाए

जांच एजेंसी का आरोप है कि सरकारी विकास योजनाओं से जुड़े धन, ठेकेदारों से मिली रकम और जमीन से संबंधित अनियमितताओं के जरिए अर्जित धन का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी की संपत्तियां बनाने में किया गया. एजेंसी ने यह भी कहा कि रामपुर नगर पालिका की सफाई मशीन का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी परिसर में किया गया था.

ED के मुताबिक, रामपुर के अजीम नगर थाने में दर्ज 26 FIR के आधार पर जांच शुरू हुई. इनमें किसानों की जमीन और करीब 34 एकड़ शत्रु संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे के मामले शामिल हैं.

जांच में ट्रस्ट की बैलेंस शीट में 78.32 करोड़ रुपए का डोनेशन दिखाए जाने की बात सामने आई. ED के अनुसार, इसमें 66.03 करोड़ रुपए कथित तौर पर फर्जी पाए गए. आयकर विभाग ट्रस्ट का पंजीकरण रद्द कर चुका है.

पुलिस जांच के हवाले से एजेंसी ने 2016 में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने और मलबे को यूनिवर्सिटी निर्माण में इस्तेमाल किए जाने का आरोप भी बताया है. ED ने कहा है कि मामले की जांच जारी है. अगस्त 2026 में आजम खान और उनसे जुड़े परिसरों पर छापेमारी में डिजिटल साक्ष्य और दस्तावेज बरामद किए गए थे.