सहारनपुर की बहनें आयुषी और खुशी धीमान ने घर में मौजूद सामान और अपने हुनर को कमाई के जरिये में बदलने की कोशिश शुरू की है. दोनों ने किसी बड़े निवेश या दुकान के बजाय घर से काम शुरू किया. आयुषी ने क्रोशिया का काम करीब 250 रुपये से शुरू किया, जबकि खुशी रिबन और पुराने डिब्बों से सजावटी उत्पाद और गिफ्ट हैम्पर तैयार करती हैं.

आयुषी ने B.Com, M.Com और B.Ed की पढ़ाई की है. वह करीब दो साल तक कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर भी रहीं, लेकिन रोजाना आने-जाने और स्वास्थ्य से जुड़ी दिक्कतों के कारण उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ी. इसके बाद उन्होंने अपने पुराने क्राफ्टिंग शौक को काम में बदलने का फैसला किया. उनकी मां को क्रोशिया का काम आता था और वहीं से आयुषी को यह हुनर सीखने की प्रेरणा मिली.

करीब एक महीने पहले आयुषी ने अपनी कॉलेज की दोस्त के लिए क्रोशिया से सनफ्लावर की-रिंग बनाई. इसे पसंद किए जाने के बाद उन्हें ऑर्डर मिलने लगे. शुरुआत की-रिंग से हुई और आगे चलकर उन्होंने पाउच, फोन चार्म, फूलों के बुके, जैकेट, स्वेटर और स्टफ्ड टॉयज बनाना शुरू किया. उनके मुताबिक, अब तक करीब 4,500 से 5,000 रुपये की बिक्री हो चुकी है और लगभग 2,500 से 3,000 रुपये का मुनाफा हुआ है.

खुशी ने सोशल मीडिया पर रिबन से बने उत्पादों का वीडियो देखने के बाद घर में रखे रिबन से प्रयोग शुरू किया. धीरे-धीरे उन्होंने रिबन के फूल, बुके, की-रिंग और कस्टमाइज्ड गिफ्ट हैम्पर बनाना शुरू किया. वह इस्तेमाल के बाद फेंक दिए जाने वाले चिप्स और स्नैक्स के डिब्बों को काटकर हैम्पर बॉक्स में बदलती हैं. ग्राहकों की पसंद के अनुसार इनमें चॉकलेट, स्नैक्स, ज्वेलरी और अन्य सामान सजाया जाता है. उनके उत्पाद Instagram और WhatsApp के जरिये ग्राहकों तक पहुंचते हैं.

2015 में पिता के निधन के बाद उनकी मां ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली और बच्चों की परवरिश की. खुशी नौकरी के साथ अपना काम भी आगे बढ़ा रही हैं. उनका कहना है कि वह अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी के सामने हाथ न फैलाना पड़े और अपनी मां का सहारा बन सकें.