दीपावली और धनतेरस से पहले संभल में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. देर रात पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी सुमित रामटेके और क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार कई थानों की पुलिस तथा पीएसी जवानों के साथ सड़कों पर उतरे.

पुलिस ने मुख्य बाजार, सर्राफा बाजार और संवेदनशील इलाकों में करीब तीन किलोमीटर तक पैदल फ्लैग मार्च किया. इस दौरान पीए सिस्टम के जरिए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई. पुलिस की ओर से कहा गया कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

अधिकारियों ने मार्च के दौरान जवानों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर सतर्क रहने, संदिग्ध लोगों की जांच करने और किसी भी गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए. त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और जाम को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया है.

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, मुख्य बाजार और सर्राफा बाजार में पैदल गश्त के साथ संदिग्ध लोगों की चेकिंग कराई जा रही है. यातायात को नियंत्रित करने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है और अलग-अलग स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है. संभल के अलावा चंदौसी कस्बे में भी पुलिस ने पैदल मार्च किया.

सोशल मीडिया पर भी निगरानी

पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमों को भी सक्रिय किया है. अधिकारियों के अनुसार, नफरत या तनाव फैलाने वाली पोस्ट, वीडियो और संदेशों पर नजर रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजारों, गलियों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निगरानी जारी रहेगी.

संभल में नवंबर 2024 में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन की सतर्कता बढ़ी है.