उत्तर प्रदेश के संभल में प्रशासन ने करीब 25 साल से कब्जे में रही तालाब की जमीन को मुक्त कराया है. संभल सदर कोतवाली क्षेत्र के बेगमपुर में राजस्व रिकॉर्ड में तालाब के नाम दर्ज 450 वर्गमीटर भूमि पर खेती की जा रही थी. एसडीएम के बेदखली आदेश के आधार पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवाकर खेती हटाई और जमीन पर अपना कब्जा ले लिया.

यह कार्रवाई संभल-मुरादाबाद मार्ग के पास स्थित बेगमपुर में की गई. जमीन गाटा संख्या 523 के अंतर्गत दर्ज है. प्रशासन को यहां तालाब की भूमि पर कब्जे की जानकारी मिलने के बाद राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई थी.

पैमाइश के बाद हटाया गया कब्जा

तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में आधा दर्जन लेखपालों की टीम मौके पर पहुंची. सदर कोतवाली प्रभारी मोहित बालियान और दो थानों की पुलिस फोर्स भी कार्रवाई के दौरान मौजूद रही. टीम ने पहले जमीन की पैमाइश कराकर तालाब के नाम दर्ज हिस्से की पहचान की. इसके बाद बुलडोजर की मदद से वहां की जा रही खेती हटाई गई.

प्रशासन ने जमीन की खुदाई कराकर उसका सीमांकन भी कराया. अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई पूरी होने के बाद 450 वर्गमीटर भूमि को कब्जामुक्त कर प्रशासन ने अपने नियंत्रण में ले लिया. कार्रवाई एसडीएम विकास चंद्र के बेदखली आदेश के तहत की गई.

विरोध करने पर दो लोग हिरासत में

कब्जा हटाने के दौरान कुछ लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया. अधिकारियों ने उन्हें बेदखली आदेश की जानकारी दी, लेकिन विरोध जारी रहने पर पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया. पुलिस के अनुसार, दोनों को शांति भंग के आरोप में हिरासत में लिया गया.

तहसीलदार ने बताया कि गांव में तालाब की जमीन से जुड़े अन्य मामलों की भी पहचान की जा रही है. राजस्व विभाग की टीम 15 से 20 गाटा नंबरों को चिन्हित कर रही है, जहां कब्जे की शिकायत या जानकारी सामने आई है. उन्होंने बताया कि गांव में कुल करीब आधा हेक्टेयर भूमि को लेकर कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन आगे की कार्रवाई राजस्व रिकॉर्ड और जमीन की पहचान के आधार पर करेगा.