उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और अलीगढ़ की अतरौली विधानसभा सीट से विधायक संदीप सिंह 14 नवंबर को मेघना चौधरी से सगाई करने जा रहे हैं. सगाई समारोह अलीगढ़ में आयोजित होगा. संदीप सिंह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र हैं.

मेघना चौधरी का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ जिले के गोंडा ब्लॉक के रुदायन उर्फ तारापुर गांव से जुड़ा है. हालांकि, उनका परिवार लंबे समय से गाजियाबाद में रह रहा है. उनके दादा राधेश्याम चौधरी अपनी पत्नी सावित्री देवी के साथ तारापुर गांव में रहते हैं. राधेश्याम चौधरी भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि मेघना के पिता अरुण चौधरी ठेकेदारी के कारोबार से जुड़े हैं. मेघना के छोटे भाई का नाम करन चौधरी है.

स्कूल के दिनों से शुरू हुई पहचान

संदीप सिंह और मेघना चौधरी की पहली मुलाकात दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी. संदीप सिंह, मेघना से वरिष्ठ थे. वर्ष 2012 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद संदीप सिंह ने स्कूल छोड़ दिया. इसके बाद मेघना ने आगे की पढ़ाई जारी रखी और कानून की पढ़ाई के लिए विदेश चली गईं.

दोनों की शुरुआती पहचान बाद में पारिवारिक रिश्ते में बदल गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 2024 में दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत शुरू हुई थी. शुरुआती चरण में कुछ पारिवारिक मतभेदों के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी, लेकिन बाद में परिवारों की सहमति से रिश्ता तय हो गया.

14 नवंबर को होने वाली सगाई के दिन परिवार में एक और समारोह भी होगा. संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई अंतरा त्यागी से होगी. दोनों भाइयों की सगाई एक ही दिन अलीगढ़ में होने की तैयारी है. परिवार की ओर से मेहमानों को निमंत्रण भेजे जा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित किए जाने की जानकारी दी गई है.

27 नवंबर को दिल्ली में शादी

सगाई के बाद संदीप सिंह और मेघना चौधरी की शादी 27 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित है. सौरभ सिंह की शादी भी इसी दिन होने की बात बताई गई है. संदीप सिंह के पिता राजवीर सिंह राजनीति में सक्रिय रहे हैं और एटा से सांसद रह चुके हैं.