उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र में दुष्कर्म की 14 वर्षीय पीड़िता की प्रसव के बाद मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, किशोरी ने अस्पताल में एक मृत बच्चे को जन्म दिया था. इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घोरावल कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक, किशोरी को पीलिया की शिकायत थी. तबीयत खराब होने पर परिवार के लोग उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी. रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मौत से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस मामले में अगस्त में घोरावल कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई थी. गांव के एक युवक पर किशोरी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया था. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और दुष्कर्म समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था.
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पुलिस के अनुसार, वह अभी जेल में बंद है. किशोरी की मौत के बाद जांच की अगली प्रक्रिया पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी.
