उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर क्षेत्र में सेना के एक सूबेदार मेजर का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. पुलिस के अनुसार, हादसे में चार लोगों की मौत हुई है.
यह दुर्घटना अयोध्या-सुलतानपुर सीमा के पास एक्सप्रेसवे के करीब 79.6 किलोमीटर बिंदु पर सुबह लगभग 8 बजे हुई. एंबुलेंस चंडीगढ़ से देवरिया जिले में स्थित सूबेदार मेजर सत्यवान के पैतृक गांव जा रही थी.
पुलिस ने बताया कि मृतकों में सैनिक के बेटे गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल शामिल हैं. गौरव और जसपाल की मौत घटनास्थल पर हुई, जबकि दो अन्य घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा भिड़ी. टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर आगे की व्यवस्था तक हलियापुर थाने में रखा गया है.
