विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की फरवरी 2026 की सूची में उत्तर प्रदेश के चार गैर-मान्यता प्राप्त संस्थानों को शामिल किया गया है. सूची में गांधी हिंदी विद्यापीठ, प्रयाग, इलाहाबाद; नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी (ओपन यूनिवर्सिटी), अलीगढ़; भारतीय शिक्षा परिषद, लखनऊ और महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी, नोएडा के नाम हैं.

UGC ने देशभर में ऐसे 32 संस्थानों की पहचान की है, जिन्हें डिग्री प्रदान करने का वैधानिक अधिकार प्राप्त नहीं है. इस सूची में दिल्ली 12 संस्थानों के साथ सबसे ऊपर है. आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल से दो-दो संस्थान सूचीबद्ध हैं.

दाखिले से पहले क्या करें

आयोग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को किसी भी संस्थान में आवेदन या फीस जमा करने से पहले उसकी मान्यता और डिग्री प्रदान करने की वैधानिक अनुमति जांचने की सलाह दी है. केवल वेबसाइट, विज्ञापन, ब्रोशर या सोशल मीडिया पर किया गया दावा मान्यता का प्रमाण नहीं माना जाना चाहिए.

छात्र UGC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विश्वविद्यालय संबंधी जानकारी से संस्थान का नाम और मान्यता की स्थिति जांच सकते हैं. सूची में नाम होने की स्थिति में वहां दाखिला लेने से पहले संबंधित प्राधिकरण से पुष्टि करना जरूरी है.