उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में निर्माणाधीन मकान का स्लैब गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. हादसा गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के शुक्लागंज स्थित एक गांव में हुआ. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, कृष्ण गुप्ता के मकान का निर्माण चल रहा था. बेसमेंट में शटरिंग खोलने का काम किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक पूरा स्लैब भरभराकर नीचे गिर गया. उस समय चार मजदूर काम कर रहे थे और सभी मलबे में दब गए.

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. बुलडोजर की मदद से मलबा हटाया गया और चारों मजदूरों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया.

अस्पताल में डॉक्टरों ने कानपुर के चकेरी निवासी जयप्रकाश और फतेहपुर निवासी सोहन को मृत घोषित कर दिया. सोहन के पिता राम कृपाल और एक अन्य मजदूर की हालत गंभीर बताई गई है. दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है.

अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद सीओ सदर विनी सिंह और SDM राजेश कुमार विश्वकर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. SDM ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और दो घायल हैं. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.