उत्तर प्रदेश में ब्लड सेंटरों की निगरानी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 14 केंद्रों में ब्लड और ब्लड कंपोनेंट से जुड़ी सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) के अनुसार, अब तक 31 जिलों के 81 ब्लड सेंटरों का औचक निरीक्षण किया गया है. पहले चरण में सात केंद्रों पर कार्रवाई हुई थी, जबकि सात और केंद्रों का संचालन रोक दिया गया है.
जांच के दौरान कुछ केंद्रों पर अनिवार्य ELISA जांच के बजाय रैपिड किट से रक्त की स्क्रीनिंग किए जाने की बात सामने आई. कुछ स्थानों पर रक्त घटकों को खराब डीप फ्रीजर में रखा गया था. कई केंद्रों पर डॉक्टर और प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारी मौजूद नहीं मिले, जबकि रक्त संग्रह, प्रसंस्करण और वितरण का काम जारी था.
विभाग ने रोक लगाए गए केंद्रों में उपलब्ध रक्त और रक्त घटकों का निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित निस्तारण करने का निर्देश दिया है. बाकी निरीक्षित केंद्रों में मिली कमियों को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं. FSDA ने कहा है कि विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.
जांच में किन मानकों को परखा गया
औषधि निरीक्षकों की अंतरजनपदीय टीमों ने रक्त की गुणवत्ता, संक्रमण से जुड़ी अनिवार्य जांच, कोल्ड चेन, तापमान नियंत्रण, स्टॉक और डोनर रजिस्टर की जांच की. इसके अलावा मूल्य सूची, प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता और रक्त घटकों के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था भी देखी गई. कुछ केंद्रों की इमरजेंसी ट्रे में एक्सपायर्ड दवाइयां और इंजेक्शन मिलने की जानकारी भी दी गई है.
आगरा के जय हिंद चैरिटेबल ब्लड सेंटर में रेफ्रिजरेटर और फ्रीजर के तापमान की लगातार रिकॉर्डिंग के लिए थर्मोग्राफ उपलब्ध नहीं था. मुरादाबाद के पाकवारा चैरिटेबल ब्लड सेंटर में मेडिकल ऑफिसर और काउंसलर अनुपस्थित मिले तथा स्टेरिलिटी और सीपीडीए जांच से जुड़ी कमियां दर्ज की गईं.
अमरोहा के जीवन-24 चैरिटेबल ब्लड सेंटर में टीटीआई स्क्रीनिंग के लिए रैपिड किट के इस्तेमाल और कंपोनेंट रूम में फंगल ग्रोथ मिलने की बात कही गई. बिजनौर के यशवंती चैरिटेबल ब्लड सेंटर में -80 डिग्री सेल्सियस वाले डीप फ्रीजर का तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस पाया गया. वहां तापमान ग्राफ, स्टेरिलिटी टेस्टिंग, सीपीडीए जांच और स्टाफ से जुड़े रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे.
बदायूं के भारत ह्यूमैनिटी चैरिटेबल ब्लड सेंटर में डॉक्टर और तकनीकी स्टाफ मौजूद नहीं मिला. बुलंदशहर के डिबाई चैरिटेबल ब्लड सेंटर में स्टॉक, पायलट ट्यूब और तापमान लॉग से जुड़ी अनियमितताएं दर्ज की गईं. जौनपुर के बदलापुर चैरिटेबल ब्लड सेंटर में ELISA, स्टेरिलिटी और सीपीडीए स्क्रीनिंग के रिकॉर्ड नहीं मिले तथा थर्मोग्राफ खराब पाया गया.
अब तक सबसे अधिक 13 केंद्रों की जांच लखनऊ में हुई है. आगरा और मुजफ्फरनगर में सात-सात, जबकि अलीगढ़, कानपुर और प्रयागराज में पांच-पांच केंद्रों का निरीक्षण किया गया. विभाग के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य रक्त संग्रह से मरीज तक आपूर्ति की प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाना तथा जरूरतमंदों को उचित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण रक्त उपलब्ध कराना है.
