उत्तर प्रदेश में बिजली विभाग के 25 हजार से अधिक हटाए गए आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए दोबारा नौकरी पाने का रास्ता खुल गया है. उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन ने स्वस्थ और काम करने में सक्षम कर्मचारियों को निर्धारित शर्तों के आधार पर फिर से काम पर रखने की व्यवस्था बनाने पर सहमति जताई है.
यह फैसला प्रमुख सचिव ऊर्जा और पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद की मौजूदगी में कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में लिया गया. बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की उम्र 55 साल से बढ़ाकर 60 साल करने पर भी सहमति बनी.
बहाली के लिए क्या शर्तें होंगी
55 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके कर्मचारियों को किसी पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनर से फिटनेस प्रमाण पत्र देना होगा. इसके साथ ही उन्हें शपथ पत्र भी देना होगा, जिसमें यह स्पष्ट किया जाएगा कि वे नौकरी करने के इच्छुक हैं और काम करने में सक्षम हैं. यानी बहाली स्वतः नहीं होगी, बल्कि तय प्रक्रिया और पात्रता के आधार पर की जाएगी.
नई व्यवस्था लागू करने के लिए आउटसोर्स एजेंसियों के साथ किए जाने वाले अनुबंधों में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे. इन बदलावों के जरिए पात्र कर्मचारियों की सेवा अवधि बढ़ाने और पहले हटाए गए कर्मचारियों को फिर से काम पर रखने की प्रक्रिया तैयार की जाएगी.
करीब दो साल पहले उत्तर प्रदेश के बिजली विभाग में लगभग 85 हजार आउटसोर्स कर्मचारी तैनात थे. इसके बाद अलग-अलग चरणों में 25 हजार से अधिक कर्मचारियों को हटा दिया गया था. कर्मचारी लंबे समय से बहाली और सेवा अवधि बढ़ाने की मांग कर रहे थे.
बैठक का कार्यवृत्त जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ ने फैसले पर खुशी जताई. संघ के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का बिजली उपकेंद्रों पर फूल-मालाओं से स्वागत भी किया गया.
