उत्तर प्रदेश शासन ने 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस फेरबदल में वाराणसी, प्रयागराज, नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस आयुक्तों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. नोएडा की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ को गौतमबुद्धनगर यानी नोएडा का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है.
वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है. लखनऊ परिक्षेत्र की आईजी किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है. प्रयागराज के पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक, स्थापना के पद पर लखनऊ भेजा गया है.
तबादला सूची में एडीजी, डीआईजी, एसएसपी, एसपी और पीएसी अधिकारियों की तैनाती भी शामिल है. अयोध्या के एसएसपी गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद और मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या भेजा गया है. डीआईजी स्तर पर भी लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और सहारनपुर परिक्षेत्रों में बदलाव किया गया है. नोएडा के डीसीपी सुनीति को पुलिस मुख्यालय लखनऊ में एसपी बनाया गया है, जबकि डीसीपी प्रीति यादव को पीएसी आगरा भेजा गया है.
कुछ पूर्व तबादले निरस्त कर अधिकारियों को संशोधित तैनाती दी गई है.
