उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 नवंबर 2026 की देर रात 38 IAS अधिकारियों के तबादले किए. फेरबदल में पांच जिलों के जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी और विकास प्राधिकरणों के वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं.

मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का उपाध्यक्ष बनाया गया है. LDA के मौजूदा उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है. सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर. को सूडा का निदेशक बनाया गया है.

सीतापुर, मुजफ्फरनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और बिजनौर में नए जिलाधिकारी तैनात किए गए हैं. सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर, जोगिंदर सिंह को बिजनौर, गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर और शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज का डीएम बनाया गया है.

इसके अलावा वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद का नगर आयुक्त और गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है. अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फेरबदल विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग के स्थानांतरण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में किया गया है.