2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग ने चुनावी ड्यूटी से सीधे जुड़े अधिकारियों के तबादले और तैनाती को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी.

निर्देशों के अनुसार, ऐसे अधिकारी जिन्होंने पिछले चार वर्षों में 31 मई 2027 तक किसी एक जिले में तीन साल पूरे कर लिए हैं, उन्हें उस जिले से हटाया जाना है. अधिकारियों को उनके गृह जिले में तैनात नहीं किया जाएगा.

दिशा-निर्देशों के दायरे में निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, उपजिलाधिकारी, संयुक्त मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी शामिल हैं. मंडलायुक्त, नगर आयुक्त, नगर निगम और विकास प्राधिकरणों से जुड़े अधिकारियों पर भी यह नीति लागू होगी.

पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और उनके समकक्ष या उच्च पदों पर तैनात अधिकारियों के अलावा आबकारी और परिवहन विभाग के संबंधित फील्ड अधिकारियों को भी निर्देशों के तहत शामिल किया गया है.

आयोग ने यह भी कहा है कि जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, पुलिस इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर को पिछले विधानसभा चुनाव या उसके बाद हुए उपचुनाव के दौरान तैनात विधानसभा क्षेत्र या जिले में दोबारा नहीं रखा जाए. मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को 30 नवंबर तक कार्रवाई की समेकित रिपोर्ट आयोग को भेजनी होगी.