भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश में अपने पांच मोर्चों की नई टीमों का ऐलान किया है. इनमें पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और महिला मोर्चा शामिल हैं. प्रदेश पदाधिकारियों के साथ कुछ क्षेत्रों में क्षेत्रीय स्तर की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं.
अनुसूचित जाति मोर्चा की नई टीम में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और मोहनलालगंज के पूर्व सांसद कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, उत्तर प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी अनस साजिद उस्मानी को दी गई है.
ओबीसी मोर्चे में कई नियुक्तियां
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मंजूरी के बाद पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने नई सूची जारी की. इसमें 12 प्रदेश उपाध्यक्ष, चार प्रदेश महामंत्री और 12 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं. छह क्षेत्रों के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष भी नियुक्त हुए हैं.
गोरखपुर में रवि प्रकाश चौहान उर्फ मोहन चौहान, काशी में इंद्र भूषण मौर्य, अवध में नीरज कटियार, कानपुर में मनोज राजपूत, ब्रज में नवीन प्रजापति और पश्चिम क्षेत्र में सुनील भाटी को जिम्मेदारी मिली है.
सुरेश यज्ञसैनी को प्रदेश कोषाध्यक्ष, विजय गुप्ता को कार्यालय मंत्री, साकेत शर्मा को मीडिया प्रभारी, प्रवीण कुशवाहा को सोशल मीडिया संयोजक और जितेंद्र सिंह लोधी को शोध विभाग की जिम्मेदारी दी गई है.
महिला मोर्चा की टीम में भी बदलाव
सरोज कुशवाहा की अध्यक्षता वाली महिला मोर्चा टीम में 12 प्रदेश उपाध्यक्ष और दो प्रदेश महामंत्री बनाए गए हैं. रागिनी जायसवाल को प्रदेश मंत्री, रानिका जायसवाल को कोषाध्यक्ष, रुचि राय को सह-कोषाध्यक्ष और सारिका श्रीवास्तव को कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है. शिप्रा त्रिपाठी मीडिया संयोजक होंगी.
महिला मोर्चा के छह क्षेत्रीय अध्यक्षों में पश्चिम से अचला सिंह जाट, ब्रज से चंद्रेश गुप्ता, कानपुर से मोना शुक्ला, अवध से डॉ. श्वेता सिंह, काशी से सुनीता राजेश सिंह और गोरखपुर से संध्या त्रिपाठी शामिल हैं.
