उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में 30 प्रस्तावों को मंजूरी दी. बैठक में कुल 31 प्रस्ताव रखे गए थे, जिनमें से एक प्रस्ताव को हटा दिया गया.
सबसे प्रमुख फैसलों में आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में ‘डीप टेक यू-हब’ भवन का निर्माण शामिल है. इस परियोजना के लिए करीब ₹281 करोड़ की मंजूरी दी गई है. भवन का निर्माण इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मोड पर कराया जाएगा और इसे 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
सरकार के अनुसार, यह केंद्र स्टार्टअप, तकनीकी नवाचार और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद करेगा. कैबिनेट ने आगरा में स्टेडियम निर्माण के लिए जमीन हस्तांतरण को भी मंजूरी दी है.
इसके अलावा लखनऊ में राज्य सहकारी महाविद्यालय की स्थापना का फैसला लिया गया. बैठक में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध के मामलों में मुआवजा व्यवस्था के विस्तार समेत कई अन्य प्रशासनिक और विकास संबंधी प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया.
