उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने नोएडा स्थित IIT कानपुर परिसर में डीप टेक यू-हब के निर्माण को मंजूरी दी है. परियोजना की अनुमानित लागत ₹281.03 करोड़ है और इसे इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन (EPC) मॉडल पर पूरा किया जाएगा. निर्माण के लिए 24 महीने की समयसीमा तय की गई है. वित्त वर्ष 2026-27 में इसके लिए ₹100 करोड़ का बजटीय प्रावधान किया गया है. सरकार के अनुसार, यू-हब से उन्नत तकनीक, शोध, स्टार्टअप और नए उद्यमों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी.
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में 31 प्रस्ताव रखे गए थे, जिनमें 30 को मंजूरी मिली. कैबिनेट ने क्षेत्रीय संपर्क योजना के संशोधित उड़ान चरण के लिए केंद्र, उत्तर प्रदेश सरकार और Airports Authority of India के बीच त्रिपक्षीय समझौते को भी मंजूरी दी. इसके तहत क्षेत्रीय हवाई अड्डों पर विमानन ईंधन का VAT एक प्रतिशत या उससे कम रखने, अग्निशमन और सुरक्षा सेवाएं मुफ्त देने तथा बिजली-पानी रियायती दरों पर उपलब्ध कराने का प्रावधान है. राज्य सरकार व्यवहार्यता अंतराल निधि में 20 प्रतिशत योगदान देगी.
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य जैव ऊर्जा नीति-2022 और पर्यटन नीति-2022 में संशोधन को भी मंजूरी दी गई. जैव ऊर्जा नीति में बदलाव का उद्देश्य जैव-कचरे की उपलब्धता के आधार पर संयंत्र लगाने की सुविधा बढ़ाना है.
