लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में जनगणना-2027 के तीसरे चरण का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि सटीक और प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर उत्तर प्रदेश के विकास की ठोस कार्ययोजना तैयार की जा सकेगी और कोई पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा.
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश की कई विकास योजनाएं अब तक 2011 की जनगणना के आंकड़ों पर आधारित रही हैं. नई जनगणना से समाज के विभिन्न वर्गों की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का बेहतर आकलन होगा. इससे स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक जरूरत तय करने में मदद मिलेगी.
उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा रहेगी. इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर जाकर गणना की जाएगी. इस दौरान धर्म, जाति, शिक्षा, व्यवसाय और मातृभाषा समेत 40 जनसांख्यिकीय सवाल पूछे जाएंगे.
अभियान 18 मंडलों, 75 जिलों, 350 तहसीलों, 825 विकासखंडों, 57,694 ग्राम पंचायतों और 1,04,004 राजस्व गांवों में संचालित होगा. मुख्यमंत्री ने दूरस्थ बस्तियों, किरायेदारों, प्रवासी श्रमिकों, अकेले रहने वाले बुजुर्गों और घुमंतू समुदायों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. सहायता के लिए 1855 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है.
