उत्तर प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों और किसानों के लिए राहत राशि बढ़ाने का फैसला किया है. नए मानकों के तहत आपदा में किसी व्यक्ति की मौत होने पर उसके परिवार को अब ₹8 लाख की सहायता मिलेगी. पहले यह राशि ₹4 लाख थी.

फसल नुकसान के मामले में सिंचित क्षेत्र के लिए सहायता ₹17 हजार से बढ़ाकर ₹22 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर कर दी गई है. असिंचित या वर्षा आधारित क्षेत्र में यह राशि ₹8,500 से बढ़कर ₹11 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर होगी. बारहमासी फसलों और कृषि वानिकी के नुकसान पर सहायता ₹22,500 से बढ़ाकर ₹30 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है.

पशुधन के नुकसान पर भी राहत बढ़ाई गई है. बड़े पशु की मौत पर ₹50 हजार और बकरी, भेड़ तथा सूअर जैसे छोटे पशुओं की मौत पर ₹5,500 की सहायता का प्रावधान बताया गया है.

सरकार के अनुसार, संशोधित मानक 1 अप्रैल से 4 नवंबर 2026 के बीच हुए नुकसान पर लागू होंगे. राहत का भुगतान पात्रता, नुकसान के आकलन और निर्धारित सरकारी प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा. इससे 10 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने का अनुमान है.