उत्तर प्रदेश में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की योजनाओं और विद्यालयी व्यवस्थाओं की 26 बिंदुओं पर समीक्षा की गई. बैठक में बच्चों के सीखने के स्तर, शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों के उपयोग का आकलन किया गया.
समीक्षा में समग्र शिक्षा, पीएम श्री और पीएम पोषण योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया. निपुण भारत मिशन के तहत निपुण लक्ष्य, निपुण तालिका, यू-डायस के आंकड़ों, होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड और बाल वाटिका के संचालन की स्थिति भी देखी गई.
पीएम पोषण योजना के अंतर्गत भोजन की गुणवत्ता, रसोइयों का मानदेय, भोजन की लागत, कन्वर्जन कॉस्ट और भुगतान से जुड़े विषयों की समीक्षा हुई. इसके अलावा पुस्तकालयों, पुस्तकों के वितरण, खेल सामग्री, स्मार्ट क्लास और डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल का भी आकलन किया गया.
शिक्षक प्रशिक्षण, कौशल विकास, नई शिक्षण पद्धतियों, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन पर भी चर्चा हुई. जिन जिलों में कमियां मिलीं, वहां सुधार की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं. सभी जिलों को 30 नवंबर तक प्रगति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है.
