उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीट बंटवारे की बातचीत तेज कर दी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर सोमवार को पार्टी की बैठक हुई, जिसमें गठबंधन की रणनीति और संभावित सीटों पर चर्चा की गई.
कांग्रेस ने सपा को करीब 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है. पार्टी का दावा है कि जमीनी रिपोर्ट्स के आधार पर इन सीटों पर उसकी स्थिति मजबूत है और पिछले कुछ महीनों में उसके पक्ष में माहौल बदला है. हालांकि, 181 सीटों की मांग को लेकर सपा के भीतर असमंजस बताया जा रहा है.
इसका एक कारण 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रदर्शन है. उस चुनाव में कांग्रेस को 2.33 प्रतिशत वोट मिले थे और पार्टी केवल दो सीटें जीत सकी थी. सपा पहले कह चुकी है कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा जीतने की क्षमता के आधार पर किया जाएगा.
17 नवंबर को लखनऊ में बातचीत
सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच 17 नवंबर को लखनऊ में औपचारिक बैठक प्रस्तावित है. दोनों दलों की समितियां प्रत्येक सीट पर जीत की संभावनाओं के आधार पर चर्चा करेंगी. बातचीत पूरी होने के बाद सीटों पर अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा.
कांग्रेस की बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, वर्किंग प्रेसिडेंट इमरान मसूद और पार्टी के सह-प्रभारियों के शामिल होने की बात कही गई है. समन्वय समिति बनाने और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सूची को अंतिम मंजूरी देने पर भी चर्चा होनी है.
रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा सहयोगी दलों के लिए करीब 60 सीटें छोड़ने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है. आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है, जबकि बहुजन समाज पार्टी ने किसी बड़े गठबंधन में शामिल होने का औपचारिक ऐलान नहीं किया है.
