उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट-बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू हो रही है. दोनों दलों की पहली औपचारिक बैठक 23 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर प्रस्तावित है. बैठक दो दिन चलेगी और इसमें दोनों पार्टियों के चार-चार नेता शामिल होंगे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस 403 विधानसभा सीटों में से 100 से अधिक सीटों पर दावा करना चाहती है. पार्टी करीब 55-60 ऐसी सीटों पर जोर दे रही है, जिन्हें गठबंधन के लिहाज से मजबूत माना जा रहा है. कांग्रेस का तर्क है कि उसे केवल अधिक सीटें नहीं, बल्कि जीतने की बेहतर संभावना वाली सीटें चाहिए.

कांग्रेस ने कथित तौर पर 181 सीटों की सूची SP को भेजी है. दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी करीब 55 सीटों की सूची कांग्रेस को दे चुकी है और संख्या के बजाय ‘विनेबिलिटी’ यानी जीतने की क्षमता को प्राथमिकता देने पर जोर दे रही है.

सहारनपुर देहात, बेहट, अमेठी और रायबरेली जैसी सीटों पर दोनों दलों के बीच मतभेद की संभावना बताई गई है. राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच 16 नवंबर को प्रारंभिक बातचीत हो चुकी है.