उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र को लेकर भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा के ‘PDA का प्रणपत्र’ को ‘ढकोसला पत्र’ बताते हुए कहा कि राज्य के मतदाता उसके चुनावी झांसे में नहीं आएंगे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चौधरी ने आरोप लगाया कि सपा के सत्ता में रहने के दौरान पार्टी ने जनता की सेवा के बजाय अपने हित साधे और राज्य को दंगों तथा भ्रष्टाचार की स्थिति में धकेला. उन्होंने घोषणापत्र में अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात पर भी सवाल उठाया.

भाजपा नेता ने सपा के पिछले कार्यकाल को लेकर कानून-व्यवस्था, कथित संरक्षणवाद और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े आरोप दोहराए. उन्होंने कहा कि नए वादे करने से पहले सपा को अपने पुराने कामकाज का हिसाब देना चाहिए और जनता से माफी मांगनी चाहिए.

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 26 नवंबर को घोषणापत्र जारी करते हुए रोजगार, सामाजिक न्याय, दलित आरक्षण और कानून-व्यवस्था से जुड़े कई वादे किए हैं. पार्टी ने अपराध, माफिया और जाति-धर्म आधारित दंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भी आश्वासन दिया है.