कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी के साथ सीट-बंटवारे पर बातचीत में अहम भूमिका निभा सकती हैं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि अखिलेश यादव की अगुवाई वाली सपा के साथ गठबंधन में उसे सम्मानजनक संख्या में सीटें मिलें.
16 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई. बैठक में राज्य की चुनावी रणनीति और संभावित गठबंधन पर चर्चा की गई.
कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के आधार पर सीटों का आकलन शुरू किया है. पहले की रिपोर्टों में पार्टी की ओर से करीब 125 सीटों की दावेदारी की बात सामने आई थी, जबकि सपा अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने और जीतने की क्षमता को प्राथमिकता देने के संकेत दे चुकी है.
हालांकि, अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि INDIA bloc में औपचारिक सीट-बंटवारा वार्ता अभी शुरू नहीं हुई है. कांग्रेस ने दिसंबर से उत्तर प्रदेश में अपना चुनाव अभियान शुरू करने की तैयारी भी की है.
