उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच योग गुरु रामदेव ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की चुनावी सक्रियता पर टिप्पणी की है. संभल जिले के बबराला में आयोजित प्रांतीय आर्य महासम्मेलन में उन्होंने कहा कि ओवैसी का उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ना कुछ वर्गों के वोट बांट सकता है और इसका फायदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मिल सकता है.

रामदेव से ओवैसी के उस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी, जिसमें AIMIM प्रमुख ने कहा था कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार भले न बने, लेकिन ‘अब्दुल की सरकार’ जरूर बनेगी. इसके जवाब में रामदेव ने कहा कि ओवैसी अन्य जगहों के लिए अच्छे हों या न हों, लेकिन उत्तर प्रदेश के लिए वह ‘बहुत अच्छे’ हैं, क्योंकि वोटों के बंटवारे से योगी आदित्यनाथ को लाभ हो सकता है.

ओवैसी ने 25 अक्टूबर को शामली जिले के कैराना में एक जनसभा के दौरान कहा था कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से रोकने के लिए विपक्षी दलों के साथ गठबंधन को तैयार है. इससे पहले रामपुर की एक रैली में उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा था.

लगातार तीसरी बार योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री के रूप में देखने की इच्छा पर रामदेव ने कहा कि वह देश में ‘अच्छे लोगों’ का शासन चाहते हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष या विपक्ष, किसी को भी ऐसी ‘घटिया’ टिप्पणी नहीं करनी चाहिए.

सनातन धर्म पर बोलते हुए रामदेव ने पाखंड, दिखावे, अंधविश्वास और धार्मिक ढोंग पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि कुछ लोग भगवान राम, कृष्ण, हनुमान और शिव का रूप धारण करने तथा धर्मग्रंथों और तीर्थस्थलों के नाम का दुरुपयोग करने से धर्म की छवि खराब कर रहे हैं.