उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत सोमवार से शुरू होने जा रही है. नई दिल्ली में होने वाली शुरुआती बैठक में दोनों दल गठबंधन की संभावित रूपरेखा और सीटों की दावेदारी पर चर्चा करेंगे. बातचीत का पहला दौर दो दिनों तक चलने की संभावना है. बैठक के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास को संभावित स्थल बताया गया है.
कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने प्रारंभिक चर्चा शुरू होने की पुष्टि की है. पार्टी नेताओं के मुताबिक, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बातचीत में कांग्रेस की ओर से प्रमुख भूमिका निभा सकती हैं. कांग्रेस की कोशिश है कि सीट बंटवारे पर दिसंबर के मध्य तक स्थिति स्पष्ट हो जाए और अधिकतम 20 दिसंबर तक समझौते को अंतिम रूप दिया जाए. प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा है, इसलिए जल्द सहमति जरूरी है.
सीटों के लिए जीतने की क्षमता पर जोर
बातचीत में सीटों की संख्या सबसे अहम मुद्दा होगी. कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव का हवाला दे रही है, जब उसने सपा के साथ गठबंधन में 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था. पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों के प्रदर्शन को भी अपनी दावेदारी का आधार मान रही है. उस चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 43 पर जीत दर्ज की थी.
दूसरी ओर, सपा सीटों के बंटवारे में उम्मीदवारों की ‘विनेबिलिटी’ यानी जीतने की संभावना को सबसे महत्वपूर्ण मान रही है. सपा सांसद राजीव राय ने कहा है कि सीटों की संख्या जीत की संभावना के आधार पर तय होगी और इस विषय पर बातचीत जारी है.
रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में सपा समिति
सपा ने बातचीत के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई है. इसकी अध्यक्षता महासचिव रामगोपाल यादव करेंगे. समिति में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, लोकसभा सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी शामिल हैं. कांग्रेस के संभावित प्रतिनिधिमंडल में प्रियंका गांधी वाड्रा, राजेंद्र पाल गौतम, केसी वेणुगोपाल, आराधना मिश्रा मोना, इमरान मसूद और कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी के शामिल होने की बात कही गई है.
दोनों दलों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि अंतिम रूप से कितनी सीटों पर सहमति बनेगी. कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग से जुड़ी चर्चा सामने आई थी, लेकिन सोशल मीडिया पर प्रसारित सूची को कांग्रेस ने खारिज किया था. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हालांकि एक कार्यक्रम में कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग किए जाने की बात स्वीकार की थी.
