उत्तर प्रदेश में दिवाली, छठ और देव दीपावली से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने के निर्देश दिए हैं. अब विशेष परिस्थितियों में ही छुट्टी मंजूर की जा सकेगी.

लखनऊ में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और आपसी भाईचारा बनाए रखने को प्राथमिकता देने को कहा. निर्देशों के मुताबिक बाजारों में 24 घंटे पुलिस निगरानी रखी जाएगी. प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के लिए भी कहा गया है.

त्योहारों के दौरान बाजारों और धार्मिक स्थलों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी करने को कहा गया है.

सोशल मीडिया और पटाखों की बिक्री पर नजर

मुख्यमंत्री ने पुलिस को सोशल मीडिया पर चौबीसों घंटे नजर रखने का निर्देश दिया है. अफवाह या भड़काऊ पोस्ट के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है. अधिकारियों को अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा गया है.

पटाखों की बिक्री केवल खुले और सुरक्षित स्थानों पर कराने के निर्देश दिए गए हैं. अग्निशमन विभाग को हाई अलर्ट पर रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है. त्योहारों के दौरान बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारु रखने के साथ शहरों और कस्बों में सफाई तथा रोशनी की व्यवस्था पर भी ध्यान देने को कहा गया है.

मुख्यमंत्री ने खाद की कालाबाजारी रोकने और धान खरीद में लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए. राशन वितरण में घटतौली करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की बात कही गई है. इसके अलावा आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को त्योहार से पहले मानदेय देने के निर्देश दिए गए हैं.