उत्तर प्रदेश में पांच बस स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसी यात्री सुविधाओं से विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. योजना में नोएडा, लखनऊ का जानकीपुरम और कैसरबाग, बुलंदशहर तथा खुर्जा बस स्टेशन शामिल हैं. इन परिसरों को ‘प्रीमियम बस स्टेशन’ के रूप में विकसित किया जाना है.

प्रस्तावित सुविधाओं में वातानुकूलित प्रतीक्षालय, टिकट और पूछताछ केंद्र, डिजिटल डिस्प्ले, लगेज काउंटर, साफ-सफाई वाले सार्वजनिक शौचालय और सुरक्षा नियंत्रण कक्ष शामिल हैं. यात्रियों के लिए रेस्तरां, कॉफी शॉप, फास्ट-फूड आउटलेट, होटल और लॉज के साथ व्यावसायिक दुकानें भी प्रस्तावित हैं.

योजना के तहत मेडिकल स्टोर, पुलिस बूथ, बैंक, एटीएम, वाटर एटीएम, अग्निशमन व्यवस्था और इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर भी विकसित किया जाएगा. बस-वे, बस पार्किंग, टैक्सी और ऑटो-रिक्शा स्टैंड तथा सार्वजनिक पार्किंग की सुविधा भी प्रस्तावित है.

परिवहन निगम चयनित निजी कंपनियों को विकास और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए 90 वर्ष की लीज देगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, योजना से निगम को काम शुरू होने से पहले 207.67 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है और इसके बाद वार्षिक शुल्क भी प्राप्त होगा.