उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के विभागों, परिषदों, निगमों और स्थानीय निकायों में सीधी भर्ती से नियुक्त होने वाले अभ्यर्थियों के चरित्र प्रमाण पत्र से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. नए प्रावधानों के तहत हिंसा के जरिए सामाजिक व्यवस्था बदलने के उद्देश्य वाले संगठनों से जुड़े लोगों को सरकारी नौकरी के लिए अयोग्य माना जा सकता है.

नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के अपर मुख्य सचिव एम. देवराज ने हाईकोर्ट के आदेश के बाद ये नियम जारी किए हैं. नियमों में हत्या, डकैती, बलात्कार, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने, भ्रष्टाचार, आतंकवादी गतिविधियों, पेपर लीक और सॉल्वर गैंग से जुड़े मामलों को भी शामिल किया गया है. ऐसे मामलों में आरोपी या दोषी पाए जाने पर नियुक्ति पर रोक लग सकती है.

राजनीतिक विचारधारा अपने आप में आधार नहीं

नियमों में स्पष्ट किया गया है कि किसी अभ्यर्थी को केवल उसकी राजनीतिक सोच या विचारधारा के आधार पर सरकारी नौकरी से वंचित नहीं किया जाएगा. कार्रवाई का आधार हिंसक गतिविधियों या ऐसे संगठन में भूमिका होगी, जिसका उद्देश्य हिंसा के जरिए व्यवस्था बदलना हो.

21 वर्ष की उम्र पूरी करने के बाद की गतिविधियों पर भी विचार किया जाएगा. जांच की तारीख से पिछले तीन वर्षों के भीतर व्यवस्था परिवर्तन से जुड़े प्रदर्शनों में भागीदारी मिलने पर अभ्यर्थी की स्थिति की समीक्षा की जा सकती है. हालांकि, व्यक्ति के व्यवहार और सोच में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने पर नियुक्ति पर विचार का प्रावधान रखा गया है.

FIR होने भर से नियुक्ति नहीं रुकेगी

सिर्फ FIR दर्ज होने या जांच लंबित रहने से अभ्यर्थी को स्वतः अयोग्य नहीं माना जाएगा. बरी होने, समझौते या किशोर न्याय कानून के तहत आने वाले मामलों में भी अपने आप अयोग्यता लागू नहीं होगी. पहले से सरकारी सेवा में कार्यरत कर्मचारियों से दोबारा चरित्र प्रमाण पत्र नहीं मांगा जाएगा.

अगर पुलिस सत्यापन लंबित है, तो घोषणा पत्र और निर्धारित फॉर्म के आधार पर अस्थायी नियुक्ति पत्र दिया जा सकेगा. बाद में जानकारी गलत पाए जाने पर नियुक्ति रद्द करने और कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है.

जिला पुलिस या स्थानीय खुफिया इकाई को जांच आवेदन मिलने के 30 दिनों के भीतर नियुक्ति अधिकारी को रिपोर्ट देनी होगी.