उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है. भर्ती प्रक्रिया के बाद कुल 41,424 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है. चयनित अभ्यर्थियों की जिलेवार सूची भी उपलब्ध कराई गई है.

इस भर्ती के लिए बोर्ड ने 18 नवंबर 2025 को ऑनलाइन आवेदन मांगे थे. कुल 25,32,196 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को प्रदेश के 74 जिलों में छह पालियों में आयोजित की गई थी.

लिखित परीक्षा के बाद 1,07,221 अभ्यर्थियों को दस्तावेजों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) के लिए बुलाया गया था. यह प्रक्रिया 13 जुलाई से 7 अगस्त के बीच पूरी हुई. इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आयोजित की गई. इन चरणों के पूरा होने के बाद अंतिम चयन सूची जारी की गई है.

ऐसे देखें अपना परिणाम

अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं. इसके लिए उन्हें पंजीकरण नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी.

बोर्ड के अनुसार, लिखित परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के नॉर्मलाइज्ड स्कोर अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे. अभ्यर्थी पंजीकरण नंबर और जन्मतिथि के जरिए अपना स्कोर देख सकेंगे.

उत्तर प्रदेश में इससे पहले होमगार्ड की आखिरी बड़ी भर्ती 2011 में हुई थी. 2018 में शुरू की गई एक भर्ती प्रक्रिया भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी.