उत्तर प्रदेश सरकार ने पुराने कर बकायों से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए ब्याज माफी योजना-2026 लागू की है. योजना के तहत 31 दिसंबर 2025 तक विभिन्न पुराने कर कानूनों के अंतर्गत बने बकायों पर ब्याज और अर्थदंड में राहत दी जाएगी.
योजना का लाभ लेने के लिए व्यापारियों को पहले मूल बकाया राशि जमा करनी होगी. बकाया राशि के आधार पर ब्याज में छूट का स्तर तय किया गया है. 10 लाख रुपये तक के मूल बकाये पर ब्याज में 100 प्रतिशत तक राहत मिल सकती है. 10 लाख से एक करोड़ रुपये तक के मामलों में ब्याज की 10 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी, जबकि एक करोड़ से पांच करोड़ रुपये तक के बकाये में ब्याज की 25 प्रतिशत राशि देनी होगी. पांच करोड़ रुपये से अधिक के मामलों में ब्याज और अर्थदंड पर 50-50 प्रतिशत राहत का प्रावधान बताया गया है.
योजना में बिक्री कर, केंद्रीय बिक्री कर, व्यापार कर, वैट और मनोरंजन कर से जुड़े पुराने मामले शामिल हैं. आवेदन वाणिज्य कर विभाग के पोर्टल के माध्यम से किया जा सकेगा. योजना के लिए 16 अक्टूबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक की अवधि बताई गई है.
