उत्तर प्रदेश का आईटी सेक्टर अब केवल नोएडा तक सीमित नहीं रह गया है. राज्य में आईटी और आईटीईएस गतिविधियों को छोटे तथा टियर-2 शहरों तक पहुंचाने के लिए नए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क विकसित किए जा रहे हैं.
इन्वेस्ट यूपी के अनुसार, नोएडा, मेरठ, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और आगरा में आईटी पार्क या STPI केंद्र संचालित हैं. वहीं वाराणसी, बरेली, कानपुर के पनकी क्षेत्र और गोरखपुर में चार नए STPI पार्क विकसित किए जा रहे हैं. उत्तर प्रदेश सरकार के एक आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, प्रदेश में सात सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क चालू हैं.
लखनऊ में HCL Tech के आईटी सिटी के दूसरे चरण की शुरुआत भी की गई है. प्रस्तावित विस्तार पर करीब 500 करोड़ रुपये निवेश और लगभग 5,000 सीटों की क्षमता विकसित करने की बात कही गई है. इससे करीब 6,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है.
राज्य की IT और ITeS Policy 2022 के तहत नोएडा और लखनऊ को डीप-टेक हब के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है. लखनऊ में एआई सिटी विकसित करने की योजना भी इसमें शामिल है.
