उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए हुए चुनाव की मतगणना मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी. इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. वोटों की गिनती के लिए राज्य के सात जिलों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में निर्धारित केंद्रों पर मतगणना कराई जाएगी. सभी निर्वाचन क्षेत्रों में प्रक्रिया संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर के निर्देशन में होगी. मतगणना की निगरानी के लिए प्रेक्षक भी तैनात किए गए हैं.

किस केंद्र पर होगी मतगणना

लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर 7 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना इसी परिसर के हॉल नंबर 8 में होगी. वाराणसी में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के वोट स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन के हॉल नंबर 1 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोट हॉल नंबर 2 में गिने जाएंगे.

आगरा स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, टूंडला रोड के हॉल नंबर 1 और 2 में होगी. मेरठ में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के वोट मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के गांधी हॉल भवन में गिने जाएंगे. स्नातक सीट के लिए हॉल-B और शिक्षक सीट के लिए हॉल-A निर्धारित है.

इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना झांसी के बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज के कोठारी हॉल के हॉल नंबर 1 में होगी. बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोट बरेली के संजय कम्युनिटी हॉल के हॉल नंबर 1 में गिने जाएंगे. गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना गोरखपुर विश्वविद्यालय की कॉमर्स बिल्डिंग के हॉल नंबर 1 और 2 में होगी.

निर्वाचन विभाग के अनुसार, मतगणना को सुचारु, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.