उत्तर प्रदेश में किसानों और खेतिहर मजदूरों के मेधावी बच्चों के लिए मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना का दायरा बढ़ाया गया है. योजना के तहत छात्रवृत्ति की निर्धारित सीटें 1,410 से बढ़ाकर 2,820 कर दी गई हैं. चयनित विद्यार्थियों को अब सालाना 60 हजार रुपये मिलेंगे.

छात्रवृत्ति की मासिक राशि 3,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये की गई है. यानी विद्यार्थियों को पहले की तुलना में सालाना 24 हजार रुपये अधिक सहायता मिलेगी. लाभ मेरिट के आधार पर दिया जाएगा.

कृषि संस्थानों और महाविद्यालयों में बढ़ीं सीटें

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक कृषि विश्वविद्यालय और कृषि संस्थान में छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 45 से बढ़ाकर 90 कर दी गई है. वहीं, प्रत्येक कृषि महाविद्यालय में सीटें 15 से बढ़ाकर 30 की गई हैं.

कृषि विश्वविद्यालयों और संस्थानों में कृषि स्नातक पाठ्यक्रम की सीटें 25 से बढ़ाकर 50, गृह विज्ञान स्नातक की छह से 12, कृषि स्नातकोत्तर की 10 से 20 और गृह विज्ञान स्नातकोत्तर की चार से आठ की गई हैं. कृषि महाविद्यालयों में स्नातक स्तर की सीटें 10 से 20 और स्नातकोत्तर स्तर की पांच से 10 हुई हैं.

यह योजना प्रदेश के 11 कृषि विश्वविद्यालयों एवं कृषि संस्थानों और 61 कृषि महाविद्यालयों में लागू है. उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक 6,454 विद्यार्थियों को करीब 22.90 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी जा चुकी है.