उत्तर प्रदेश में अपना कारोबार शुरू करने की योजना बना रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 5 लाख रुपये तक के ऋण की सुविधा है. आधिकारिक योजना पोर्टल के अनुसार, उद्योग या सेवा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए यह ऋण 100 प्रतिशत ब्याजमुक्त है और इसके लिए गारंटी की जरूरत नहीं होगी.
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है. इसके अलावा मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कौशल प्रशिक्षण प्रमाणपत्र, डिप्लोमा या डिग्री भी जरूरी है.
योजना में परियोजना लागत पर 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान का प्रावधान है. हालांकि, आवेदक को किसी अन्य केंद्र या राज्य सरकार की ऐसी योजना का लाभ नहीं मिल रहा होना चाहिए, जिसमें ब्याज या पूंजीगत सहायता शामिल हो. प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को इस शर्त से अलग रखा गया है.
सरकार का लक्ष्य हर साल एक लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और 10 वर्षों में कुल 10 लाख अवसर उपलब्ध कराना है. आवेदन के लिए योजना के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे. ऋण स्वीकृति बैंक और संबंधित विभागीय जांच के बाद होगी.
