उत्तर प्रदेश पुलिस में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में 183 इंस्पेक्टरों के तबादले किए हैं. इनमें गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट से 45 और लखनऊ कमिश्नरेट से 56 निरीक्षकों को दूसरी जगह भेजा गया है.

गौतमबुद्ध नगर से स्थानांतरित निरीक्षकों को आगरा, लखनऊ, कानपुर नगर, गाजियाबाद, मेरठ और प्रयागराज समेत अलग-अलग कमिश्नरेट व पुलिस जोन में तैनाती दी गई है. सबसे अधिक निरीक्षकों को आगरा कमिश्नरेट भेजे जाने की जानकारी सामने आई है.

लखनऊ से स्थानांतरित 56 निरीक्षकों में ज्यादातर को वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद भेजा गया है. तीन निरीक्षकों को लखनऊ जोन, जबकि अन्य अधिकारियों को विजिलेंस, सीआईडी और आर्थिक अपराध शाखा में तैनाती मिली है.

कार्यकाल पूरा करने वालों का तबादला

आदेश के अनुसार, एक जिले में तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके या 31 मई 2027 तक पिछले चार वर्षों में तीन वर्ष पूरे करने वाले निरीक्षकों को तबादला सूची में शामिल किया गया है. कानपुर कमिश्नरेट से 14 निरीक्षकों को लखनऊ भेजा गया है, जबकि तीन अन्य को लखनऊ जोन में तैनाती दी गई है.