उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 अधिकारियों का तबादला किया है. इनमें 10 IPS और 18 प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) अधिकारी शामिल हैं. नई तैनातियां लखनऊ, गौतमबुद्धनगर, वाराणसी, गाजियाबाद, आगरा, प्रयागराज और कई अन्य जिलों व पुलिस कमिश्नरेट में की गई हैं.

तबादला सूची के अनुसार, 2020 बैच की IPS अधिकारी नीतू को वाराणसी से गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट भेजा गया है. वहीं, शैव्या गोयल का तबादला गौतमबुद्धनगर से गाजियाबाद किया गया है. अमित कुमावत को लखनऊ से गाजियाबाद में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनाती मिली है.

लखनऊ कमिश्नरेट में पुनीत द्विवेदी और माविस टॉक को अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है. वाराणसी से जुड़े फेरबदल के अलावा कानपुर से शिवा सिंह को आगरा भेजा गया है. प्रयागराज कमिश्नरेट में तैनात पुष्कर वर्मा को फतेहगढ़ में अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है.

अन्य आदेशों में किरण यादव को एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स मुख्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) भेजा गया है. कई अधिकारियों को PAC, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों, DGP मुख्यालय और जिलों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. यह फेरबदल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन में चल रही पुनर्तैनाती की व्यापक प्रक्रिया के बीच हुआ है.