उत्तर प्रदेश पुलिस ने तकनीकी आधुनिकीकरण के लिए IIT कानपुर, Digital India Corporation और Protean eGov Technologies के साथ तीन समझौता ज्ञापन किए हैं. इनका उद्देश्य पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, डिजिटल फॉरेंसिक और डेटा प्रबंधन को मजबूत करना है.
IIT कानपुर के साथ समझौते के तहत पुलिस के डिजिटल सिस्टम की सुरक्षा का आकलन, साइबर खतरों की पहचान, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण और AI आधारित पुलिसिंग समाधानों पर शोध किया जाएगा. पुलिसकर्मियों के तकनीकी प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर भी जोर रहेगा.
Digital India Corporation के साथ साझेदारी में नागरिक सेवाओं के डिजिटलीकरण, आंतरिक प्रशासनिक व परिचालन प्रक्रियाओं के आधुनिकीकरण और सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ बेहतर तालमेल पर काम होगा.
Protean eGov Technologies के साथ समझौते में पुलिस के अलग-अलग डिजिटल सिस्टम के बीच सुरक्षित डेटा साझा करना, डिजिटल पहचान, प्रमाणीकरण, डेटा सुरक्षा और तकनीकी एकीकरण शामिल है.
तीनों समझौतों पर उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से ADG तकनीकी सेवाएं भगवान स्वरूप ने हस्ताक्षर किए. पुलिस के अनुसार, परियोजनाओं को जरूरत, व्यवहार्यता और निर्धारित सुरक्षा मानकों के आधार पर चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा.
