भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए आठ प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं. पार्टी की सूची में सभी चेहरे नए हैं. इनमें दो महिलाएं शामिल हैं. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राज्य मंत्री बीएल वर्मा को इस बार टिकट नहीं दिया गया है.
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की कुल 31 सीटें हैं. इनमें 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है. मौजूदा सांसदों के कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होने हैं.
भाजपा के प्रत्याशियों में आंवला से विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रयागराज के अधिवक्ता राधाकांत ओझा, भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल और पूर्व लोकसभा सांसद विद्यासागर सोनकर शामिल हैं. पार्टी ने गोपी कृष्ण पांडेय, पूर्व सांसद प्रियंका सिंह रावत, भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को भी उम्मीदवार बनाया है.
प्रियंका सिंह रावत 2014 में बाराबंकी से भाजपा सांसद चुनी गई थीं. श्रुति गंगवार झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी हैं. राम प्रताप सिंह चौहान को जून 2026 में भाजपा का प्रदेश महामंत्री और पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया था.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भाजपा की सूची में दो ब्राह्मण, एक ठाकुर, तीन पिछड़ा वर्ग और दो दलित समुदाय से जुड़े उम्मीदवार हैं. पिछड़ा वर्ग से लोधी, कुर्मी और पाल समुदायों को प्रतिनिधित्व मिला है, जबकि दलित वर्ग से खटीक और पासी समुदाय के उम्मीदवार शामिल हैं.
मौजूदा सांसदों को दोबारा मौका नहीं
भाजपा ने नीरज शेखर, सीमा द्विवेदी, बृजलाल, गीता शाक्य और अरुण सिंह को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है. पार्टी के केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा का नाम भी सूची में नहीं है. पुरी का मौजूदा राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होना है.
समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशी प्रोफेसर रामगोपाल यादव और उद्योगपति धनराज परिमल नथवानी 30 सितंबर को नामांकन दाखिल कर चुके हैं. यदि समाजवादी पार्टी तीसरा और भाजपा नौवां उम्मीदवार नहीं उतारती है, तो भाजपा के आठ और सपा के दो उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय हो सकता है.
