उत्तर प्रदेश के छह जिलों में 13 नई आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी मिली है. इन परियोजनाओं में करीब ₹2,380.04 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है और कुल 4,724 नई यूनिट विकसित की जाएंगी. मंजूरी उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (UP RERA) की बैठक में दी गई.
परियोजनाएं लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और आगरा में प्रस्तावित हैं. निवेश के लिहाज से बाराबंकी सबसे आगे है, जहां दो आवासीय परियोजनाओं में ₹751.42 करोड़ के निवेश से 591 यूनिट बनाई जाएंगी.
लखनऊ में सबसे ज्यादा यूनिट
यूनिट की संख्या के लिहाज से लखनऊ में सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है. यहां ₹385.76 करोड़ की लागत से 1,392 फ्लैट विकसित किए जाएंगे. वाराणसी में तीन परियोजनाओं के तहत ₹750.24 करोड़ के निवेश से 1,189 यूनिट बनेंगी.
गाजियाबाद की तीन परियोजनाओं में 864 यूनिट, गौतमबुद्ध नगर की दो परियोजनाओं में 564 यूनिट और आगरा की दो परियोजनाओं में 124 यूनिट प्रस्तावित हैं. प्राधिकरण के मुताबिक, परियोजनाओं का निर्माण RERA कानून के तहत तय समयसीमा और पारदर्शी प्रक्रिया के अनुसार कराया जाना है.
