उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने राज्य के पांच जिलों में 11 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इन परियोजनाओं में कुल 2,086.06 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है. इनके तहत 1,873 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों के विकसित होने की बात कही गई है.

यह मंजूरी यूपी रेरा की 215वीं अथॉरिटी बैठक में दी गई. स्वीकृत परियोजनाएं गौतमबुद्ध नगर, लखनऊ, गाजियाबाद, बाराबंकी और मुरादाबाद में हैं.

किस जिले में कितनी परियोजनाएं

गौतमबुद्ध नगर में दो आवासीय परियोजनाओं पर 1,800.36 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 1,398 आवासीय इकाइयां विकसित की जाएंगी. परियोजनाओं की संख्या के लिहाज से लखनऊ सबसे आगे रहा. यहां पांच परियोजनाओं को मंजूरी मिली, जिनमें दो आवासीय और तीन व्यावसायिक परियोजनाएं शामिल हैं. इन पर 169.53 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और 198 इकाइयां विकसित होंगी.

गाजियाबाद की दो आवासीय परियोजनाओं में 106.84 करोड़ रुपये के निवेश से 211 इकाइयां विकसित की जाएंगी. बाराबंकी में एक आवासीय परियोजना के लिए 5.78 करोड़ रुपये और 53 इकाइयों का प्रस्ताव है. मुरादाबाद में एक व्यावसायिक परियोजना पर 3.55 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें 13 इकाइयां विकसित की जाएंगी.