उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (UP RERA) ने परियोजनाओं की पंजीकरण अवधि बढ़ाने के अनुरोधों के लिए भौतिक निरीक्षण अनिवार्य कर दिया है. यह प्रक्रिया गौतम बुद्ध नगर यानी नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ में पंजीकृत या स्थित परियोजनाओं पर लागू होगी. प्राधिकरण की वेबसाइट पर जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, यह व्यवस्था 3 अक्टूबर 2026 से प्रभावी है.
अब इन जिलों में विस्तार आवेदन पर UP RERA की विशेषज्ञ टीम परियोजना स्थल का निरीक्षण और उपलब्ध दस्तावेजों का सत्यापन करेगी. अन्य जिलों में भौतिक सत्यापन की जिम्मेदारी संबंधित विकास प्राधिकरणों के पास रहेगी.
यह बदलाव RERA Act, 2016 की धारा 6 के तहत परियोजना की समयसीमा बढ़ाने की प्रक्रिया से जुड़ा है. यह प्रावधान प्राकृतिक आपदा, युद्ध या अन्य ‘फोर्स मेज्योर’ परिस्थितियों से प्रभावित परियोजनाओं के विस्तार से संबंधित है. पहले प्रमोटर को संबंधित विकास प्राधिकरण से निरीक्षण रिपोर्ट तथा ऑक्युपेंसी या कंप्लीशन सर्टिफिकेट के सत्यापन जैसे दस्तावेज हासिल करने होते थे. नई व्यवस्था में UP RERA स्वयं मौके पर जाकर स्थिति की जांच करेगा.
