उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल TET) का रिजल्ट जारी कर दिया है. परीक्षा के प्राथमिक स्तर पर 15,159 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर पर 23,743 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 50,666 अभ्यर्थी शामिल हुए थे. वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 43,015 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था.
आयोग ने सफल अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र भी जारी कर दिए हैं. उम्मीदवार अपना प्रमाणपत्र उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं.
ऐसे डाउनलोड करें प्रमाणपत्र
सबसे पहले आयोग की वेबसाइट पर जाएं. वेबसाइट के शीर्ष भाग में दिए गए ‘स्पेशल TET रिजल्ट’ विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद कैंडिडेट लॉगइन पेज खुलेगा.
लॉगइन के लिए उम्मीदवार को अपना 10 अंकों का रोल नंबर दर्ज करना होगा. पासवर्ड के तौर पर जन्मतिथि डालनी होगी. जन्मतिथि आठ अंकों के प्रारूप में दर्ज करनी है. उदाहरण के लिए, 1 जून 2026 की जन्मतिथि के लिए 01062026 दर्ज करना होगा. लॉगइन के बाद उम्मीदवार अपना प्रमाणपत्र डाउनलोड कर सकते हैं.
