उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में नामों की असामान्य गलतियों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने सफाई दी है. कार्यालय के मुताबिक, विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची में पहली बार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की गई थी. इसी दौरान अंग्रेजी में दर्ज नामों को हिंदी में बदलने की प्रक्रिया में कुछ तकनीकी और मानवीय त्रुटियां सामने आईं.
आयोग के अनुसार, कुल 14,81,310 प्रविष्टियों में से 158 में इस तरह की गलतियां मिली हैं. उदाहरण के तौर पर ‘Ramhit Yadav’ को अंग्रेजी में ‘Ram hit Yadav’ लिखे जाने पर सॉफ्टवेयर ने उसका शब्दार्थ निकालकर नाम को ‘राम ने यादव को मारा’ में बदल दिया. यानी नाम को ध्वन्यात्मक रूप से हिंदी में लिखने के बजाय उसका अर्थ पकड़ लिया गया.
एक अन्य मामले में मतदाता के पिता के नाम की जगह ‘B Com’ दर्ज पाया गया. मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने इसे मानवीय भूल या लापरवाही का मामला बताया है. कार्यालय के अनुसार, सॉफ्टवेयर से हुई गलतियों को सुधारने की व्यवस्था मौजूद थी, लेकिन पर्याप्त सतर्कता नहीं बरते जाने के कारण कुछ त्रुटियां सूची में बनी रह गईं.
अधिकारियों से मांगा गया स्पष्टीकरण
निर्वाचन आयोग ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन गलतियों की वजह से किसी मतदाता को परेशानी न हो और जरूरी सुधार सुनिश्चित किए जाएं. मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों की बताई गई है. संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है.
पीलीभीत में 10,470 प्रविष्टियों पर कार्रवाई
पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र में मतदाता विवरण में बदलाव से जुड़ी 10,470 प्रविष्टियों में अनियमितताएं मिली हैं. जांच के अनुसार, 31 मई से 29 अगस्त 2026 के बीच कंप्यूटर सहायक ने फॉर्म-8 के 13,779 आवेदन दर्ज किए थे. इनमें 10,470 स्वीकृत और 3,309 खारिज हुए. जांच के दौरान संबंधित आवेदन फॉर्म और सहायक दस्तावेज कार्यालय में उपलब्ध नहीं मिले.
इसके बाद एसडीएम मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई और दोनों को जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया. कंप्यूटर ऑपरेटर अनिल कुमार को बर्खास्त किया गया है. संबंधित अधिकारियों और कंप्यूटर सहायक के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
अधिकारियों ने 10 अप्रैल से 21 अक्टूबर के बीच दर्ज सभी फॉर्म-6 और फॉर्म-7 आवेदनों की भी विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं. फॉर्म-6 नाम जोड़ने और फॉर्म-7 नाम हटाने के लिए इस्तेमाल होता है.
