उत्तर प्रदेश सरकार महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं के प्रभाव का जिलावार आकलन कर रही है. इसके लिए 49 संकेतकों पर आधारित मूल्यांकन व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा रहा है. इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ महिलाओं तक किस स्तर तक पहुंचा है और किन जिलों में अतिरिक्त प्रयास की जरूरत है.

यह पहल महिला आर्थिक सशक्तीकरण सूचकांक से जुड़ी है. सूचकांक में उद्यमिता, रोजगार, शिक्षा व कौशल, आजीविका तथा सुरक्षा और आवागमन जैसे प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है. इसके आधार पर प्रदेश के सभी 75 जिलों की स्थिति का तुलनात्मक आकलन किया जा रहा है.

पहले सामने आए आकलन में लखनऊ, कानपुर नगर और वाराणसी जैसे जिलों में योजनाओं का लाभ महिलाओं तक अपेक्षाकृत बेहतर पहुंचने की बात कही गई थी. वहीं श्रावस्ती, संभल, महोबा, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों में सुधार के लिए विशेष प्रयास की जरूरत बताई गई.

सरकार का लक्ष्य सूचकांक के परिणामों को नीति निर्माण और विभागीय योजनाओं की निगरानी से जोड़ना है. जिलों को भी स्थानीय जरूरतों के अनुसार महिला सशक्तीकरण की कार्ययोजना तैयार करनी होगी.